Sonbhadra News: सोनभद्र जिले में सर्विलांस सेल, एसओजी व थाने की टीमों को संयुक्त सफलता मिली। डेढ़ माह में खोए 151 मोबाइल बरामद किए। मोबाइल फोन स्वामियों को लौटाए गए तो उनके चेहरे खिल उठे।
सोनभद्र जिले की पुलिस ने खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले डेढ़ माह में खोए 151 मोबाइल फोन बरामद कर बृहस्पतिवार उनके स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराध की रोकथाम तथा गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण और सतत मॉनिटरिंग कर मोबाइल फोन को ट्रेस किया।
बरामद सभी मोबाइलों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस की तत्परता और जनहितकारी कार्यशैली की सराहना की। पुलिस के अनुसार इससे पहले एक जनवरी 2026 में भी 151 खोए मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को लौटाए गए थे।
विज्ञापन
लगातार मिल रही सफलता को पुलिस की तकनीकी दक्षता और आमजन के प्रति संवेदनशीलता का परिणाम बताया जा रहा है। एसपी अभिषेक वर्मा ने इस उपलब्धि के लिए सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और संबंधित थाना प्रभारियों व कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा के लिए कार्य करने को प्रोत्साहित किया है।