शक्तिनगर। कोल व पावर प्रोजेक्ट के विस्थापित परिवारों के बेरोजगार युवाओं को कोयला कंपनी में रोजगार नहीं मिलने से रोष बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को इस मसले पर ज्ञापन सौंपकर रोजगार की मांग की गई।
एनसीएल कृष्णशिला परियोजना के कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) में कार्य करने आई निजी कंपनी में विस्थापित/प्रभावित परिवार के सदस्यों ने रोजगार की मांग को लेकर कृष्णशिला महाप्रबंधक एवं कंपनी प्रबंधन को पत्र देकर रोजगार की मांग की है। अगुवाई कर रहे ग्राम पंचायत कोहरौलिया के प्रधान प्रतिनिधि चंदन कुमार ने कहा कि सीएचपी में सिर्फ दूसरे राज्य के लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। यह स्थिति तब है, जब मूल भू विस्थापित एवं प्रभावित परिवार के सदस्यों को रोजी रोटी के लिए भटकना पड़ रहा है। कंपनी प्रबंधन को चेताते हुए कहा कि कोहरौलिया, घरसडी, चंदुआर, मिसरा, बांसी, जमशीला गांव के मूल भू विस्थापित परिवार के सदस्यों को सीएचपी में कार्यरत निजी कंपनी में शीघ्र रोजगार नहीं दिया गया तो रणनीति बनाकर धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी एनसीएल कृष्णशिला परियोजना प्रबंधन एवं प्रशासन की होगी।