सोनभद्र जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव में बुधवार की रात एक युवक का शव उसके ही घर में धरन से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जौराही गांव के मंशाराम (28) पुत्र शिव लखन बुधवार को दिन में घर पर थे। उसने अपनी पत्नी को दोपहर में ही मायके भेज दिया। पत्नी को विदा करने के बाद वह दिन में घर के काम में लगा रहा। रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बृहस्पतिवार की सुबह जब वह काफी देर तक सोकर नहीं उठा तो परिजन आवाज लगाकर बुलाने लगे। कोई उत्तर नहीं मिलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो युवक का शव फंदे से लटक रहा था। लोगों ने घटना की सूचना पास पड़ोस और ग्राम प्रधान को दी। सूचना पाकर ग्राम प्रधान अर्चना देवी भी मौके पर पहुंच गईं। सूचना पर सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया। मंशाराम ने फंदा क्यों लगाया, इसका खुलासा नहीं हो सका। सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि घटना के बारे में परिजनों से पूछताछ की गई लेकिन किसी ने भी मौत का कारण नहीं बताया। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण का पता चल सकेगा।