सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के समीप रविवार को हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक झारखंड का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिपरी पुलिस ने बताया कि झारखंड के नगर उटारी के धुरकी क्षेत्र निवासी सलीम अंसारी (45) पुत्र कुर्बान अंसारी फेरी लगाकर कपड़ा बेचता था। वह बाइक पर कपड़ा लेकर अनपरा की ओर बेचने जा रहा था। इस दौरान हनुमान मंदिर के समीप पीछे से आ रही हाईवा ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिंडाल्को चिकित्सालय में दाखिल कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।