सोनभद्र में डेंगू और वायरल बुखार का असर जिले में बढ़ता जा रहा है। मौसम में रोजाना हो रहा उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। डेंगू और वायरल बुखार का असर तेजी से बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को डेंगू का एक और मामला सामने आया। चोपन के कोटा निवासी युवक में डेंगू की पुष्टि हुई है। वह कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। अब तक जिले में 32 मामले डेंगू के मिल चुके हैं। वायरल बुखार से ग्रसित लोगों की बड़ी संख्या में रोजाना अस्पताल पहुंच रही है।
मलेरिया-टायफाइड के लिहाज से जिला बेहद संवेदनशील है। सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था सुलभ न हो पाने से लोग इनकी चपेट में आकर गांव के डॉक्टरों से इलाज कराते हैं। गंभीर हालत होने पर कई बार जान भी गंवानी पड़ती है। ओबरा के रेणुका पार क्षेत्र में बुखार से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसके पहले म्योरपुर ब्लाक में भी एक सप्ताह के अंदर तीन लोगों की मौत बुखार से हुई है। हालांकि जांच न होने से स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में इन मौतों का कोई विवरण दर्ज नहीं है। अब डेंगू का प्रकोप भी तेजी से बढ़ने लगा है। महज बीस दिनों के अंदर ही 32 मरीज मिल चुके हैं। डेंगू का सबसे ज्यादा असर म्योरपुर ब्लाक में है। यहां 18 मरीज मिल चुके हैं। इसके अलावा सदर ब्लाक में छह, चोपन में पांच, दुद्धी में दो और घोरावल ब्लाक में एक मरीज मिला है। सीएमओ डॉ. नेम सिंह के मुताबिक डेंगू के दो मरीजों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कुल 69 लोगों के नमूने एलाइजा टेस्ट के लिए भेजे गए हैं।
घर के आसपास न जमा होने दें पानी
जिला मलेरिया अधिकारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए घर के अंदर या आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। डेंगू के मच्छर दो सौ मीटर के दायरे में ही असर डालते हैं। लिहाजा आसपास की साफ-सफाई रखनी जरुरी है। अगर पानी एकत्रित कर रखना जरुरी है तो बर्तन को खुला न रखें या फिर उसमें जले मोबिल या तेल की थोड़ी मात्रा जरुर डाल दें।
निकायों में कितना आया बजट, नहीं बता सका कोई ईओ
डीएम अभिषेक सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों के अध्यक्ष और ईओ की बैठक ली। निकायों में बजट के बारे में जानकारी मांगने पर सभी ईओ संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ी फटकार लगाते हुए डीएम ने कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी।
बैठक में डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नगर पंचायतों के वार्डों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, डेंगू बुखार के दृष्टिगत एंटी लार्वा का छिड़काव प्रतिदिन सुनिश्चित कराएं। किसी भी नगर पंचायत क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण भी कराया जाएगा। अगर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था नहीं पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों के टेंडर में घपले की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कहा कि किसी भी टेंडर आदि का प्रकाशन अधिक पढ़े जाने वाले समाचार-पत्रों में ही कराया जाए। बैठक में एडीएम राकेश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष दुद्धी राजकुमार अग्रहरि, ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष पानमती, रेनुकूट की निशा सिंह, पिपरी के दिग्विजय सिंह आदि मौजूद रहे।