रॉबर्ट्सगंज लोक निर्माण डाक बगला में बिजली की समस्या को लेकर अधिकारियों से वार्ता करते विधायक
सोनभद्र। व्यापारियों की बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को भाजपा के विधायक भूपेश चौबे की मौजूदगी में बैठक हुई। व्यापारी संगठन, पुलिस और बिजली निगम के अफसरों से पूरे मामले पर चर्चा हुई। विधायक ने बिजली निगम को निर्देश दिए कि व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार न किया जाए। अगर कोई अधिकारी लापरवाही बरतता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में व्यापारियों ने बिना सहमति जबरन स्मार्ट मीटर लगाने और उसके बिल में गड़बड़ी की शिकायत की। स्मार्ट मीटर में कई तरह की खामियां हैं, जिसे दूर भी नहीं कराया जा रहा। सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों के हित में लगातार कार्य कर रही है। किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न अगर कोई अधिकारी-कर्मचारी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर की खामियों को दूर करने के लिए एक्सईएन को निर्देश दिए। कहा कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी ने बिजली निगम के एक्सईएन को निर्देशित किया कि जहां कनेक्शन नहीं है, वहां अभियान चलाकर कनेक्शन दें। नगरीय क्षेत्र के जर्जर तार-पोल को भी बदला जाए। व्यापारियों से तालमेल बनाकर उनकी सुविधा अनुसार स्मार्ट मीटर लगवाएं और उससे जुड़ी शिकायतें दूर कराएं। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि सरकार व्यापारियों के साथ है। व्यापारियों के हित में सरकार कार्य कर रही है। इस मौके पर एएसपी अनिल कुमार, एक्सईएन एसबी ठाकुर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल जैन, प्रदेश मंत्री विमल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।