राबट्सगंज स्थिति एक निजी अस्पताल में मासूम की मौत पर पहुंची पुलिस।स्रोत जागरूक पाठक
सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में मासूम की मौत पर परिजनों ने सोमवार को हंगामा किया। आरोप लगाया कि उपचार के नाम पर हजारों रुपये लिए गए, मगर संजीदगी नहीं दिखाई गई जिससे बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर लेकर शव का पोर्स्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य महकमे से किसी के न पहुंचने पर नाराजगी जताई गई।
जुगैल थाना क्षेत्र के भरहरी गांव निवासी सुनील की पत्नी अंजनी को 20 दिन पहले बच्चा पैदा हुआ था। सुनील के अनुसार, 31 अक्तूबर को तबीयत बिगड़ने पर उसे चोपन सीएचसी ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि आधी रात को वह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने बेड खाली न होने की बात कहते हुए भर्ती से इन्कार कर दिया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग स्थित एक अस्पताल का नाम सुझाया गया। वहां उसे पहुंचाया गया। वहां उपचार के लिए दो किस्तों में 13 हजार रुपये ले लिए गए। उन्हें बच्चे की हालत में सुधार की जानकारी दी जाती रही। बच्चे को देखने के प्रयास पर भी आपत्ति जताई गई। आरोप है कि ठीक से उपचार न होने के कारण रविवार की रात बच्चे की मौत हो गई। इस पर सोमवार को परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने लोगों को शांत कराया। परिवार वालों का आरोप है कि स्वास्थ्य महकमे को जानकारी दी गई थी लेकिन कोई नहीं पहुंचा। प्राइवेट चिकित्सालयों के नोडल डॉ. कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि जांच की जाएगी। आरोप सही मिला तो कार्रवाई होगी। वहीं, रॉबर्ट्सगंज के प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही से इन्कार किया है। तहरीर के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराते कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डाॅक्टर पंकज राय ने कहा कि अस्पताल पंजीकृत है। शिकायत मिली तो जांच कराई जाएगी।