बग्घानाला के पास हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस।
- फोटो : सोनभद्र
दुद्धी और डाला क्षेत्र में सोमवार की रात हुए सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। बग्घानाला के पास आधी रात को रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर में पांच यात्री घायल हुए हैं। दुद्धी में बाइक की चपेट में आने से किशोर को चोट लगी है। जिसे अस्पताल में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शक्तिनगर से वाराणसी जा रही काशी डिपो लोहिया ग्रामीण सेवा की रोडवेज बस सोमवार की देर रात एक बजे जैसे ही बग्घानाला ओवरब्रिज पुल पर पहुंची, तो विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक किशुन यादव (45), बस चालक राजू चौहान (28), बस यात्री वाराणसी के श्रीप्रकाश यादव (26), सिंगरौली के बबलू (30) गाजीपुर जनपद के जगदीशपुर निवासी खैरूल (48) घायल हुए हैं।
बस ट्रक चालक की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ले जाया गया है जबकि अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में चल रहा है।
दुद्धी के बीडऱ गांव में सोमवार की रात आठ बजे एक किशोर को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रोहित (15) पुत्र रामकुमार घायल हुआ है। घटना तब हुई जब रोहित सड़क पर टहल रहा था। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए किशोर की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।