कौव्वा नाला बस्ती के बीच अंग्रेजी शराब की दुकान खोले जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नागरिक जहां दुकान कहीं अन्य स्थानांतरित करने की मांग पर मंगलवार को धरना प्रदर्शन शुरू किया, वहीं आबकारी विभाग उसी स्थान पर दुकान खुलवाने पर अड़ा है।
विगत एक सप्ताह से बस्ती में शराब दुकान खोले जाने का विरोध कर रहे अरविंद सिंह, वी पी सिंह, प्रदीप राय आदि का कहना है कि लोगों की एक ही मांग है कि दुकान को बस्ती के बीच न खोलकर एकांत स्थान पर खोला जाए। कहा कि दुकान को किसी भी कीमत पर उक्त स्थल पर नहीं खुलने दिया जाएगा। दुकान खुलने से बस्ती में रहने वाले नागरिक सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। नियमानुसार विद्यालय, मंदिर सहित सार्वजनिक स्थलों व बस्ती के बीच में शराब की दुकान नहीं होनी चाहिए। कहा कि धरना-प्रदर्शन अनिश्चित कालीन जारी रहेगा।
जब तक कि दुकान को कहीं और स्थानांतरित नहीं किया जाता है। विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह ने भी धरने को समर्थन दिया है। इस अवसर पर शनि सिंह, राजेश सिंह, विमल शर्मा, अरविंद कुमार दूबे, राधेश्याम सिंह, हीरामति, आरती, सुषमा देवी, मुन्नी देवी, लक्ष्मी प्रसाद, भागमनी देवी आदि उपस्थित रहे। वहीं जिला आबकारी अधिकारी अनूप शर्मा का कहना है कि दुकान नियम विरुद्ध नहीं खोली जा रही है फिर भी यदि लोगों में नाराजगी है, तो उसे शांत कराने का प्रयास किया जाएगा।