चतरा सीएचसी में जांच करते सीएमओ डॉ.रमेश सिंह ठाकूर
- फोटो : SONBHADRA
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रमेश सिंह ठाकुर और डिप्टी सीएमओ डा. रामकुंवर ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा और नगवां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छह स्वास्थ्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएमओ के साथ और डिप्टी सीएमओ सबसे पहले चतरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान यहां सूर्य प्रताप गुप्ता, आशीष कुमार और अनुराधा अनुपस्थित मिलीं। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर को ढंग से रखने और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मरीजों को दिलाने का निर्देश दिया। ऑक्सीजन लॉकबुक सही करने, डिलीवरी के बाद 48 घंटे तक जच्चा-बच्चा को अस्पताल में रोकने और जननी सुरक्षा योजना के तहत आर्थिक मदद दिलाने के बाद छोड़ने का निर्देश दिया। सीएमओ ने कहा कि अगर रात में अधीक्षक या डॉक्टर अनुपस्थित मिलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सीएचसी नगवां निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां भी निरीक्षण के दौरान तीन स्वास्थ्य कर्मी आराधना गुप्ता, श्वेता अग्रवाल और एक बाबू अनुपस्थित मिले। तीनों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन की व्यवस्था करने, इमरजेंसी में सभी दवाएं उपलब्ध कराने और इमरजेंसी ड्यूटी में लगे डॉक्टरों की ड्यूटी चार्ट बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से दी जा रही दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आम जन मानस को हर हाल में मिलना चाहिए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।