निर्माणाधीन ओबरा सी तापीय परियोजना के इंटरमीडिएट एसाइलो क्षेत्र में कार्य के दौरान शटरिंग गिरने से ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर जमीन पर गिर गए। घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आननफानन घायलों को ओबरा परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए राॅबर्ट्सगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की है। ओबरा सी तापीय परियोजना के इंटरमीडिएट एसाइलो क्षेत्र में इरेक्शन फैब्रिकेशन का काम एनटीआईसी कंपनी कर रही है।
इसमें मजदूर अंजीत कुमार और विनोद पासवान कार्य स्थल पर लगी शटरिंग के सहारे ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इस दौरान शटरिंग तेज आवाज के साथ गिर गया। इससे अंजीत कुमार और विनोद पासवान जमीन पर आ गिरे।
शटरिंग का एक हिस्सा अंजीत कुमार के दाएं हाथ पर गिरा, जिससे उसके दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर घटनास्थल की तरफ दौड़े।
शटरिंग के नीचे दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाल परियोजना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ। घायलों के साथ आए कंपनी के अन्य कर्मचारी दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र ले गए।