सोनभद्र। जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी थाना या पुलिस चौकी क्षेत्र में कोई पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते पाया गया तो उसके साथ ही थाना प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। गैंगेस्टर के आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराएं। नियमानुसार जब्तीकरण कार्रवाई करें। उक्त निर्देश रविवार को पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने थाना प्रभारियों को वर्चुअल मीटिंग में दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध मादक पदार्थ के कारोबारियों एवं उन्हें संरक्षण देने वालों को चिह्नित करते हुए कड़ी कार्रवाई करें। जेल से रिहा हत्या, लूट समेत अन्य जघन्य अपराध करने वालों पर पैनी नजर रखें। गैंगेस्टर के आरोपियों की संपत्ति का रिकार्ड तैयार कर दें। नियमानुसार गैंगेस्टर के आरोपियों के मकान आदि के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। एसपी ने कहा कि शहरों में अवैध ढंग से संचालित वाहन स्टैंडों को बंद कराते हुए लोगों को जाम से निजात दिलाएं। कहा कि महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक लेते हुए दूर करें। शोहदों के खिलाफ कार्रवाई कर उनसे और उनके अभिभावकों से शपथ पत्र भरवाएं। मीटिंग में एएसपी ओपी सिंह, सीओ राजकुमार त्रिपाठी, सीओ अभिनव यादव, सीओ संजय वर्मा, सीओ भाष्कर वर्मा, सीओ रामआशीष यादव आदि मौजूद रहे।