सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के पीपरखाड़ में एकलव्य आवासीय विद्यालय में पढ़ाई शुरू करने की कवायद के बीच वहां अधूरे कामों को समय से पूरा करने और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार करने पर जोर दिया जा रहा है। जरूरी काम व सुविधाओं के लिए शासन से पौने तीन करोड़ की डिमांड की गई है। विद्यालय की बाउंड्री वॉल का निर्माण सहित अन्य काम पहले ही डीएमएफ निधि से करा दिए गए हैं।
एकलव्य आवासीय विद्यालय में एक साथ 480 छात्र-छात्राओं के अध्ययन एवं ठहरने की व्यवस्था है। छात्र-छात्राओं के अलग अलग हॉस्टल और कर्मचारियों के लिए अलग आवास बने हैं। दो तल का छात्रावास बना है, लेकिन दूसरे तल पर अभी कुछ काम रह गया है। वहीं कर्मचारियों के रहने के लिए जिस स्थान पर आवास बना है, वह पहाड़ी का निचला हिस्सा है। बारिश होने की स्थिति में पहाड़ का पानी आवास में घुसने से परेशानी होती है। इस नाते आवास से सटे पहाड़ का समतलीकरण कराया जाना है। समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव के मुताबिक छात्रावास का अधूरा काम कराने के साथ ही अन्य जरूरी काम कराये जाने के लिए कार्यदायी संस्था की तरफ से 2 करोड़ 74 लाख रुपये की डिमांड की गई है। प्रस्ताव बनाकर शासन में धन आवंटन के लिए भेजा जा चुका है। शासन से धन मिलने पर विद्यालय का अधूरा काम कराया जाएगा।