स्थानीय कस्बा के मेन बाजार से उचक्कों ने साइकिल पर टंगे झाेले से 40 हजार रुपये उड़ा दिए। साइकिल सवार बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहा था। उचक्कों ने इतनी सफाई से घटना को अंजाम दिया कि साइकिल सवार को भनक भी नहीं लगा। घर पहुंचने के बाद रुपये गायब देख वह सन्न रह गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आसपास की दुकानों के सीसी टीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को चिह्नित किया गया है।
निमियाडीह गांव निवासी इस्राइल (50) मजदूरी करता है। करीब छह माह से वह बाहर कमाने गया था। घर लौटने के बाद बेटी की शादी के लिए कुछ लोगों से लिया गया कर्ज वापस करने के लिए नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 40 हजार रुपये निकाले। सौ-सौ की चार गड्डी को झोले में रखकर साइकिल पर टांग दिया। इसके बाद वह घर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में बाजार के एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने लगा। दुकान के सामने साइकिल खड़ी कर वह दवा लेने गया। दवा लेकर आया और फिर साइकिल से घर चला गया। घर पहुंचने पर जब उसने झोला खंगाला तो उसमें रखे रुपये नदारद थे।
वापस रुपये खोजते हुए वह दुकान पर पहुंचा। दुकान के सीसी टीवी कैमरे में दो युवक लाल रंग की बाइक में आकर साइकिल के पास रुकते और फिर रुपये निकालकर भागते दिख रहे हैं। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। कस्बा चौकी इंचार्ज राम अवध ने बताया कि बाइक से दो युवक संदिग्ध दिखाई दिए हैं। उनकी जांच की जा रही। बता दें कि पूर्व में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने से 60 हजार रुपये डिकी से निकाल कर उचक्के फरार हो गए थे। लगातार इस तरह की घटनाओं से स्थानीय कस्बा निवासियों में भय बना हुआ है।