भारतीय स्टेट बैंक की रिहंद (बीजपुर) शाखा ने श्रावण के पहले सोमवार के उपलक्ष्य में जनता को नई सौगात दी। इस दिन स्टेट बैंक परिसर के एटीएम रूम में सिक्का वितरण मशीन का संचालन शुरू कर दिया गया।
बतौर मुख्य अतिथि एनटीपीसी रिहंद के समूह महाप्रबंधक के श्रीधर ने फीता काटकर मशीन का शुभारंभ किया। शाखा प्रबंधक विजय आचार्या ने बताया कि मुंबई से मंगाई गई इस मशीन का लाभ केवल खाताधारक ही नहीं, बीजपुर परिक्षेत्र का कोई भी व्यक्ति उठा सकता है।
बताया कि इस मशीन में कागज के नोट डालकर उसके बदले अपनी आवश्यकता के अनुरूप एक, दो, पांच और दस रुपये के सिक्के प्राप्त किए जा सकते हैं।
बताते चलें कि ऊर्जांचल परिक्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक की बीजपुर शाखा ऐसी पहली शाखा बन गई है, जहां रुपये के बदले एक्सचेंज कर सिक्का देने वाली मशीन लगाई गई है।
इस मौके पर परियोजना के महाप्रबंधक राजकुमार, पीके चक्रवर्ती, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव गोयल, अपर महाप्रबंधक रजनीश रस्तोगी, पारसमणि, सुशील चंद्रा, कोमल सिंह आदि मौजूद रहे।