राबर्ट्सगंज नगर पालिका के दीप नगर में नालियों का गंदा पानी सड़क पर आ गया है। इससे बस्ती के लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। बारिश से कुछ लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है।
इससे लोगों में नाराजगी है। क्षुब्ध लोगों ने नगर पालिका से नाली की सफाई और गंदे पानी के निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
नगर पालिका अब तक गंदे पानी के निकासी की कोई व्यवस्था नहीं कर सका है। नई बस्ती हो या फिर दीप नगर, हर जगह हल्की बारिश में ही लोगों के घरों में गंदा पानी घुस जाता है।
इससे जहां लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। सोमवार को सुबह से ही रुक-रुक कर हो रही बारिश से दीपनगर कबिला बस्ती के आसपास की स्थिति काफी बदतर हो गई है।
नाली का पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुस रहा है, जिससे लोगों में खासी नाराजगी है। क्षेत्र के नसीम, खलिकुननिशा, साबिरा का कहना है कि नगर पालिका चेयरमैन से पानी निकासी की समस्या कई बार बताई जा चुकी है लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सोमवार को वार्ड में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने इस दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर चेयरमैन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यदि पालिका प्रशासन चाहे तो नालियों की प्रतिदिन सफाई हो, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। प्रदर्शन करने वालों में नूरेशा, हसीना बानो, इजहार, शाहिद, नसीर, नसीम खां, ज्योति, इमरान, इरफान शामिल रहे।