सोनभद्र। पिछले महीने नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर चर्चा में रहे राॅबर्ट्सगंज के एक मेडिकल स्टोर पर सोमवार को औषधि निरीक्षक ने जांच की। इस दौरान बिना बिल की दवाएं बरामद हुईं। तीन दवाओं के नमूने लिए। इसे लेकर औषधि निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है।
पिछले महीने छत्तीसगढ़ पुलिस ने नशीली दवाओं की खेप पकड़ी थी। इसकी आपूर्ति राॅबर्ट्सगंज नगर में पन्नूगंज रोड स्थित मेडिकल स्टोर के जरिये होने की बात सामने आई थी। ऐसे में पुलिस ने मेडिकल स्टोर के व्यवसायी के परिवार के एक सदस्य को गिरफ्तार किया था। इस बीच डीएम और सहायक आयुक्त औषधि मिर्जापुर के निर्देश पर सोमवार को औषधि निरीक्षक राजेश मौर्य मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फर्म के संचालक की ओर से कुछ औषधियों का क्रय विक्रय बिल नहीं प्रस्तुत किया गया। इसकी निरीक्षण आख्या मंडल मिर्ज़ापुर को प्रेषित की जा रही है। साथ ही साथ निर्देश दिया गया कि ऐसी दवा जिनका नशे में उपयोग होता है, उसका विक्रय बिना डॉक्टर के पर्चे के ना किया जाए। दवावों का क्रय विक्रय बिल संरक्षित रखा जाए। इस दौरान तीन औषधियों के नमूने भी लिए गए। इसे लैब में क्वालिटी व गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।