सोनभद्र। अब विद्युत निगम के कर्मियों का बहाना नहीं चलेगा। ट्रांसफार्मर फुंकने के 48 घंटे में निगम के अधिकारियों को आपूर्ति बहाल करना होगा। इसके लिए निगम ने उपभोक्ताओं के लिए टोल फ्री नंबर 1912 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल करने के बाद 48 घंटे में विभाग के कर्मियों को ट्रांसफार्मर बदलना होगा। जिले में कुल करीब 32356 स्थानों पर कम और अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे हैं। इन ट्रांसफार्मर के जरिए ही नगरीय एवं ग्रामीण अंचल में बिजली की आपूर्ति की जाती है। ग्रामीण इलाकों के लोगों के सामने बड़ी समस्या थी कि उनका ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद उनकी सुनने वाला कोई नहीं होता था। ग्रामीण क्षेत्रों में फुंका ट्रांसफार्मर बदलने में 15 दिन से एक माह तक का समय लग जाता था। इतना ही नहीं ग्रामीणों को इसके लिए सुविधा शुल्क भी चुकाना पड़ता था। लोगों की इस समस्या को देखते हुए विद्युत निगम ने इस प्रक्रिया को काफी सरल बना दिया है। निगम की तरफ से जारी टोल फ्री नंबर पर किसी भी उपभोक्ता द्वारा 1912 पर कॉल करने के बाद उसका नंबर रजिस्टर्ड हो जाएगा, जिसके बाद ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति में उसे मात्र 48 घंटों में बदला जा सकेगा।
इस संबंध में बिजली विभाग के एक्सईएन सर्वेश सिंह का कहना है कि विभागीय टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत मिलने पर शहरी एवं ग्रामीण अंचल में जले ट्रांसफार्मर को 48 घंटे के अंदर बदल दिया जाता है। कहा कि किसी उपभोक्ता के टोल फ्री नंबर पर कॉल करने पर निर्धारित समय सीमा में समस्या का समाधान किया जाएगा। फिर भी कोई अधिकारी या कर्मचारी उन्हें परेशान करता है तो सीधे उनसे शिकायत करें। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।