चपकी गांव में बृहस्पतिवार को कुएं में डूबने से किशोरी की मौत हो गई। पानी भरते समय रस्सी टूटने से किशोरी कुएं में गिर गई थी। काफी प्रयास के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चपकी गांव निवासी महेंद्र प्रसाद की बेटी आरती (14) घर के पास कुएं से पानी भर रही थी। अचानक रस्सी टूट गई और वह कुएं में गिर गई। कुएं में गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। आवाज सुनकर घर के लोग दौड़कर वहां पहुंचे। उसे कुएं से निकाल कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने आरती को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों ने बभनी पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।