युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की तरफ से विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा में आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन वॉलीबॉल एवं फुटबॉल की प्रतियोगिता कराई गई।
इसमें महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग के वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक की टीम ने बाजी मारी तो वहीं फुटबॉल की प्रतियोगिता में दुद्धी ब्लॉक की टीम अव्वल रही।
सभी ब्लॉक से आए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। बालकों के जूनियर आयुवर्ग के वाॅलीबॉल प्रतियोगिता में चोपन ब्लॉक की टीम विजेता एवं दुद्धी ब्लॉक की टीम उप विजेता रही।
सीनियर वर्ग में रॉबर्ट्सगंज की टीम विजेता एवं म्योरपुर ब्लॉक की टीम उप विजेता घोषित हुई। इसी तरह से फुटबॉल प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक की टीम विजेता एवं करमा ब्लॉक की टीम उप विजेता घोषित हुई।
जूनियर वर्ग बालक में रॉबर्ट्सगंज की टीम पहले एवं दुद्धी की टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं बालिका वर्ग में म्योरपुर ब्लॉक की टीम ने बाजी मारी। दूसरे स्थान पर रॉबर्ट्सगंज की टीम रही। सीनियर वर्ग के बालकों में दुद्धी की टीम विजेता एवं रॉबर्ट्सगंज की टीम उप विजेता घोषित हुई।
तीसरे दिन की प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में बालक एवं बालिकाओं की भारोत्तोलन एवं जूडो विधा में आयोजित की जाएगी।
दूसरे दिन की प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र का वितरण अपर जिला जज व विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र कुमार यादव ने किया। जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राजेश द्विवेदी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया।
इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद, जिला युवा कल्याण अधिकारी शशिभूषण शर्मा, जिला फुटबाल संघ के सचिव नुरुद्दीन, अमरेश चंद्र पाठक, अमर सिंह, संजय सिंह, युवा कल्याण विभाग के व्यायाम प्रशिक्षक प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनुज त्रिपाठी, रवि शंकर कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, विकास दुबे आदि उपस्थित रहे।