रॉबर्ट्सगंज के रोडवेज डिपो परिसर में शिविर लगाकर चालक-परिचालक की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की
रोडवेज के सोनभद्र डिपो परिसर में शुक्रवार को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रोडवेज बसों के चालक और परिचालकों समेत अन्य का ब्लड सैंपल लेकर स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे दोपहर तीन बजे तक किया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने रोडवेज चालक और परिचालकों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की। इसमें एचआईवी/एड्स के साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड ग्रुप, हीमोग्लोबिन, आंख, टीबी तथा हेपेटाइटिस-बी और सी की जांच की जा रही है। शिविर के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, संक्रमण के कारणों और समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है। शिविर में बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। शनिवार को भी जांच शिविर जारी रहेगा। जांच शिविर में लैब टेक्नीशियन वाचपति मिश्रा, प्रिया यादव, शिवशंकर सिंह, सावेद अहमद, अविनेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।