सोनभद्र जिले में मधुपुर फ्लाईओवर के समीप दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर मधुपुर फ्लाईओवर के समीप बंतरा गांव के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।
विज्ञापन
क्या है मामला
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परही गांव निवासी सुभाष यादव (27) पुत्र रमेश यादव अपनी रिश्तेदारी में सुकृत गए थे। वहां से तेतरा देवी (70) पत्नी स्व. छोटक, एक महिला और सात वर्षीय आर्यन के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मधुपुर लौट रहे थे। फ्लाईओवर के समीप पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सुभाष यादव और तेतरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला और बच्चा घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
हादसे में बची महिला ने पुलिस को बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन काले रंग की बस थी, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।