दुद्धी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन मंगलवार को दुद्धी कस्बे पहुंची। अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों, होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कस्बे के अलबेला होटल एवं मिष्ठान भंडार से मिठाइयों के नमूने लेकर मोबाइल लैब में उनकी जांच की। परीक्षण में इन नमूनों की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। जांच के दौरान कुछ अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। ऐसे दुकानदारों को मौके पर ही चेतावनी देते हुए गुणवत्ता सुधारने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और दुकानदारों को गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना भी है। विभाग समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाएगा। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कीर्ति आनंद और एनालिस्ट केमिस्ट जितेंद्र प्रसाद मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो तो उसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।