विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव निवासी छात्र प्रदीप कुमार यादव की संदिग्ध हाल में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर प्रदीप की प्रेम प्रपंच में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। बुधवार को कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मृतक के भाई मनोज कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर देकर अवगत गराया है कि मेरे भाई का गांव में ही एक लड़की से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों शादी भी करना चाहते थे लेकिन लड़की के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। कुछ माह पूर्व लड़की के घरवालों ने प्रदीप को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि उसके भाई की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया। मृतक के भाई ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। थानाध्यक्ष सूर्यभान ने कहा कि तहरीर मिली है। हर बिंदू पर जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार किया जा रहा है।