अनपरा बाजार से चार दिन पूर्व लापता किशोरों को रेणुसागर पुलिस की पहल पर इटारसी जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से बरामद किया है। रेणुसागर पुलिस को सूचना देने के बाद किशोरों को वापस लाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
अनपरा बाजार निवासी शकील अहमद के पुत्र अशरफ और दशरथ का पुत्र राहुल चार दिन पूर्व अचानक घर से लापता हो गए। देर रात तक उनके घर न लौटने से परेशान अभिभावकों ने संभावित स्थलों पर खोजबीन के बाद रेणुसागर पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि किशोरों के मोबाइल फोन को ट्रेस करते हुए पुलिस ने इटारसी जीआरपी को उनका हुलिया बताते हुए मदद मांगी। अंतत: जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से दोनों को बरामद करते हुए बुधवार को रेणुसागर पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि दोनों किशोरों के पास इटारसी पहुंचने के पूर्व ही पैसे खत्म हो गए थे। उनके पास टिकट भी नहीं था। किशोरों के बरामद होने के बाद अभिभावक उन्हें वापस लाने की तैयारी में जुटे थे।