सोनभद्र। जिले के अधिकांश दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं ने घर बैठकर पोस्टल बैलेट पर मतदान करने से इंकार कर दिया है। वह मतदान दिवस पर बूथ तक पहुंचकर अपना वोट डालेंगे। पोस्टल बैलेट के लिए भरवाए गए सहमति पत्र पर बुजुुर्गों-दिव्यांगों की इस राय के बाद प्रशासन भी हैरत में है। उनका यह कदम न सिर्फ मताधिकार के प्रति जागरुकता को दर्शाता है, बल्कि उन तमाम लोगों के लिए सबब भी है जो सक्षम होने के बाद भी वोट देने के लिए घर से बूथ तक पहुंचने में रुचि नहीं दिखाते।
शारीरिक अक्षमता के कारण बूथ तक चलकर जाने में असुविधा के मद्देनजर दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग ने इस बार नई व्यवस्था की है। उन्हें पोस्टल बैलेट के जरिए वोट देने की सुविधा मिली है। इसके तहत मतदान कार्मिकों की टीम खुद घर तक पहुंचकर पोस्टल बैलेट पर ऐसे मतदाताओं का वोट लेगी और उसे लिफाफे में सील कर जमा करेगी। इसके लिए अधिसूचना जारी होने के बाद गांव-गांव में टीम ने संपर्क कर ऐसे मतदाताओं से आवेदन लिए थे।
दोनों श्रेणियों के करीब साढ़े 25 हजार मतदाता जिले में हैं। इनसे आवेदन के लिए जब टीमों ने संपर्क साधना शुरू किया तो ज्यादातर ने पोस्टल बैलेट पर वोट देने से इंकार कर दिया। उनका साफ संदेश था कि वह आम मतदाताओं की तरह बूथ पर जाकर वोट देंगे और लोकतंत्र के महापर्व में सहभागी बनेंगे। पांच साल में उन्हें एक बार यह मौका मिलता है तो फिर वह इसका हिस्सा बनने से पीछे नहीं रहेंगे। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के इस उत्साह का आलम है कि महज साढ़े चार सौ ने ही पोस्टल बैलेट से वोट देना स्वीकार किया है। अब शेष मतदाताओं के लिए प्रशासन बूथ पर ही मतदान कराने की व्यवस्था कर रहा है। इसके लिए सभी बूथों पर रैंप, व्हील चेयर सहित अन्य व्यवस्था मुकम्मल की जा रही है।
जिले में दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या
विस क्षेत्र: दिव्यांग वोटर: 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग
घोरावल: 2271: 7385
राबर्ट्सगंज: 1739: 5152
ओबरा: 740: 1795
दुद्धी: 2234: 6424
कुल: 6984: 18522
इस मामले में पोस्टल प्रभारी डीके गुप्ता ने बताया कि दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं से पोस्टल बैलेट पर वोट करने के लिए आवेदन मांगे गए थे। पूरे जिले से सिर्फ 444 लोगों ने ही आवेदन किया है। इनके वोट के लिए टीमें गठित कर दी गई है। जल्द ही घर-घर पहुंचकर पोस्टल बैलेट से उनका वोट लिया जाएगा। अन्य मतदाता बूथ पर पहुंचकर ही वोट देंगे।