विंढमगंज डाकघर में संचालित आधार सेवा केंद्र पर आधार कार्ड बनाने और अपडेट कराने वालों की भारी भीड़ लग रही। सुबह छह बजे से ही डाक घर के बाहर लोगों की कतार लग जा रही है।
लाइन लगाने को लेकर आपस में लोग विवाद भी कर रहे हैं। आधार सेवा केंद्र पर एक दिन में 80 से 100 लोगों का ही काम हो पा रहा है, जबकि 300 से 400 लोग यहां प्रतिदिन फॉर्म जमा कर रहे हैं।
विंढमगंज के डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र पर दुद्धी और कोन ब्लॉक के 50 गांव से अधिक लोग यहां आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने आ रहे हैं। बैंकों में केवाईसी और राशन लेने सहित अन्य कामों के लिए आधार कार्ड की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
सलैयाडीह निवासी सुनील ने बताया कि दो दिन से डाकघर का चक्कर लगा रहा हूं, पर काम नहीं हो पा रहा है। धोरपा गांव के रामदेव बताते हैं कि आधार कार्ड में गड़बड़ी होने के कारण उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है।
डाकघर विंढमगंज के पोस्ट मास्टर राजेश सिंह ने बताया कि एक दिन में करीब 80-100 आधार कार्ड का ही काम हो पाता है, जबकि फार्म 300 से अधिक जमा हो रहा है। बाकी लोग तो फार्म भी जमा नहीं कर पा रहे हैं। दुद्धी के अलावा कोन ब्लॉक के लोग भी आ रहे हैं, जिससे भीड़ लग रही।
करीब 60 से 70 गांव के लोगों के बीच महज एक आधार सेवा केंद्र संचालित है। लोगों ने अन्य जगहों पर कैंप लगाकर आधार का काम शुरू करने की मांग की है।