सलखन (सोनभद्र)। जिला कारागार गुरमा में निरुद्ध बंदियों एवं स्टाप को कोविड 19 संक्रमण से बचाने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं। कारागार में ही स्थापित सिलाई, कढ़ाई केंद्र मेें 14 कुशल कारीगर बंदियों के माध्यम से फेस मास्क बनाया जा रहे हैं। जिन्हें सभी बंदियों व स्टाप को नि:शुल्क उपलब्ध कराए गये हैं। संपूर्ण कारागार की बैरकों, प्रशासनिक भवन, चिकित्सालय परिसर, पाकशाला आदि सभी स्थानों को प्रतिदिन सुबह शाम सोडियम हाइपो क्लोराइड के घोल से स्प्रे कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है। सभी बंदियों का शरीर का तापमान व आक्सीजन लेबल देखा जा रहा है।
जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने बताया कि बंदियों को चाय व काढे में निर्धारित चीजों के अतिरिक्त आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी तुलसी, गिलोय, जराकुश, चिरायता, पारिजात, करी पत्ता आदि डाला जा रहा है। साथ ही बंदियों की पहुंच में ये सब जड़ी-बूटी होने के कारण बंदी इनका तोड़कर भी इस्तेमाल कर रहे हैं। बंदियों को योगाभ्यास व प्राणायाम कराये जा रहें हैं। भजन कीर्तन व मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बाहर से आने वालों की कारागार परिसर में प्रवेश निषिद्ध कर दिया गया है।
जेल अधीक्षक ने बताया कि नये प्रवेश पाने वाले बंदियों के प्रवेश से पूर्व उनके समस्त कपड़ों को धुलवा कर कारागार से नये कपड़े दिला कर, स्नान कराकर, सैनेटाइज कराकर, थर्मल स्क्रीनिंग व आक्सीजन लेवल नापकर ,तथा कोरोना टेस्ट कराकर क्वारंटीन बैरक में 14 दिन के लिए क्वारंटीन रखा जाता है। कारागार में पर्याप्त दवाओं का संग्रह किया गया है। दो आक्सीजन सिलेंडर भरवा कर रखा गया है। साउंड सिस्टम के द्वारा लगातार बंदियों को जागरूक किया जा रहा है।