सोनभद्र। प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकसित विकसित सोनभद्र बनाने के लिए हर विभाग 15 दिन में अपनी कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सबसे बड़ी आवश्यकता है। शिक्षा ही वह आधार है, जिससे देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाया जा सकता है। प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है और अनेक योजनाएं शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संचालित की जा रही हैं।
बैठक के दौरान मंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति जानी। अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का सीधा लाभ गांव-गांव और हर वर्ग के व्यक्ति तक पहुंचे। बैठक के दौरान जिले के विकास कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। मंत्री ने फिल्म को सराहते हुए कहा कि जनपद का विकास उसी तरह होना चाहिए जैसा इस फिल्म में प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे योजनाओं को धरातल पर तेजी से लागू करें, ताकि सोनभद्र विकास की नई पहचान बन सके। इस अवसर पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अभिषेक वर्मा, सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।
-
व्यापारियों से संवाद में कहा, जीएसटी घटने से बढ़ेगा व्यापार
जिले के प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने नगर पालिका परिषद के रामलीला मैदान के बगल स्थित मार्केट में पहुंचकर व्यापारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सरकार की ओर से जीएसटी घटाए जाने से व्यापारियों और आम जनता को होने वाले फायदे बताए।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी में कमी कर व्यापारियों को राहत दी गई है। अब कम पूंजी में लोग अधिक कारोबार कर सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसका सीधा लाभ आम उपभोक्ताओं को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी में कटौती से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और भारत आत्मनिर्भर एवं सशक्त राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। मंत्री ने दुकानदारों और ग्राहकों दोनों से बातचीत कर जीएसटी के फायदों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, संतोष शुक्ला आदि मौजूद रहे।