सोनभद्र जिले में मरीजों या तीमारदारों के सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस समय से नहीं पहुंच रही है। इस नाते मरीजों की अस्पताल पहुंचते-पहुंचते हालत गंभीर हो जाती है। मंगलवार को बभनी थाना क्षेत्र के असनहर गांव में एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर घरवालों ने 102 नंबर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई।
लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची और तो गर्भवती महिला को लेकर उसकी मां अस्पताल के लिए पैदल चल दी लेकिन रास्ते में बभनी थाने के समीप मुख्य मार्ग के किनारे सुषमा ने बच्ची को जन्म दे दिया। यहां से एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया।
प्रसूता ने सड़क के किनारे ही एक बच्ची को जन्म दे दिया । प्रसूता सुषमा चपकी की रहने वाली है। कुछ दिनों से अपने मायके असनहर आई थी। मंगलवार को भोर में महिला को प्रसव पीडा होने लगी तो परिजनों ने सुबह पांच बजे एंबुलेंस को फोन किया। एक घंटे तक जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो मां अपनी बेटी को लेकर पैदल ही सीएचसी बभनी के लिए चल दी।