चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी मामले में सीबीआई के हत्थे चढ़े सोनभद्र के अनपरा बाजार निवासी इंजीनियर नीरज यादव ने पीड़ित पक्ष से अश्लील फोटो वायरल न करने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे थे। इसकी शिकायत पर सीबीआई पीड़ित को साथ लेकर आरोपी से पूछताछ करने अनपरा आई थी। इसका खुलासा पुलिस सूत्रों ने किया। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस या सीबीआई के किसी अधिकारी ने नहीं की है।
सीबीआई की छह सदस्यीय टीम ने 18 सितंबर को अनपरा बाजार में छापा मारकर अनपरा निवासी नीरज यादव से घंटों पूछताछ की थी और नीरज के मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य कागजात जब्त कर लिए थे। आगे की पूछताछ के लिए नीरज को सीबीआई के दिल्ली कार्यालय में बुलाया गया था। 23 सितंबर को नीरज दिल्ली पहुुंचा जहां दो दिन पूछताछ की गई। पर्याप्त सबूत मिलने पर सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को फोन पर दी गई थी।
नीरज दिल्ली की एक कंपनी में सुपरवाइजर का काम कर रहा था। लॉकडाउन के बाद वह 25 मई को अपने घर अनपरा आ गया था। सूत्रों के अनुसार चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी मामले में आरोपी नीरज ने इंस्ट्राग्राम, वाट्सअप, टेलीग्राम पर अश्लील फोटो अपलोड न करने के लिए पीड़ित पक्ष से डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित पक्ष ने पैसा ट्रांसफर करने के लिए उसका एकाउंट नंबर मांगा तो उसने सोनभद्र आने की बात कही।