तीन दिनों में बंद हुई ओबरा तापीय परियोजना की तीन इकाइयों में से शुक्रवार को अभियंताओं ने दो इकाइयों से बिजली उत्पादन शुरू करने में सफलता हासिल कर ली है। चालू हुई दोनों इकाइयों से शुक्रवार शाम तक लगभग 185 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा था।
बता दें कि ब्वॉयलर ट्यूब लीकेज के कारण मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को एक के बाद एक ओबरा बी परियोजना की 200-200 मेगावाट क्षमता वाली 09वीं, 10वीं और 11वीं इकाइयां बंद हो गई थीं।
इससे प्रदेश में बिजली संकट बढ़ गया था। बंद हुई इकाइयों से उत्पादन शुरू करने के लिए परियोजना प्रबंधन युद्ध स्तर पर काम कर रहा था।
बृहस्पतिवार की देर रात 12:22 बजे 09वीं और शुक्रवार दोपहर 2:48 बजे परियोजना की दसवीं इकाई से बिजली उत्पादन शुरू होने से प्रबंधन ने राहत की सांस ली। वहीं प्रबंधन ने बंद हुई 13वीं इकाई से भी बिजली उत्पादन शुरू करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
इस इकाई से शनिवार तक बिजली उत्पादन शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। समाचार दिए जाने तक ओबरा तापीय परियोजना की 09वीं इकाई से 105, 10वीं से 80, 11वीं से 77 और 12वीं इकाई से 154 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा था। वहीं 1320 मेगावाट क्षमता वाली ओबरा सी परियोजना से 1201 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा था।