पांच जुलाई से शुरू होने वाले सघन पौधरोपण अभियान के तहत जिला प्रशासन चार दिन में एक करोड़ से अधिक पौधे लगवाएगा। हर विभाग को पौधरोपण के लिए अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किया गया है। अपराध पर रोक लगाने वाली पुलिस भी प्रदूषण से मुक्ति के लिए पौधे लगाएगी। पौधे लगाने के लिए रविवार तक जिले मेें 95 लाख से अधिक गड्ढे खोदे जा चुके थे।
विकास विभाग की मानें तो शासन स्तर से जिला प्रशासन को वर्षाकाल 2022 में 1,03,27,222 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। डीएम चंद्र विजय सिंह ने लक्ष्य के सापेक्ष पौधे लगाने के लिए ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग, राजस्व विभाग, साडा, उद्यान विभाग, नगर विकास विभाग, पर्यावरण विभाग, उद्याग विभाग, श्रम विभाग, रेशम विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, गृह विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, प्राविधिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, पशु पालन विभाग, सहकारिता विभाग, ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग और रेलवे विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। पांच अगस्त को लक्ष्य के सापेक्ष 72 प्रतिशत, छह अगस्त को सात प्रतिशत, सात अगस्त को सात प्रतिशत और 15 अगस्त को 14 प्रतिशत पौधे लगाए जाएंगे। सभी विभाग के विभागाध्यक्ष निर्धारित समय पर लक्ष्य के सापेक्ष पौधों को लगवाने के लिए गड्ढों की खोदाई करा रहे हैं। जिला विकास अधिकारी रामबाबू तिवारी ने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष पौधों को लगाने के गड्ढों की खोदाई कराई जा रही है। अधिकांश गड्ढों की खोदाई हो चुकी है।