सोनभद्र। पूर्वांचल नव निर्माण मंच और पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच के बैनर तले शुक्रवार को राबर्ट्सगंज में मंडी समिति के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग जाम करने पहुंचे किसानों को पुलिस ने रोक दिया। नाराज किसानों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। उधर, पूर्वांचल नव निर्माण मंच के उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय को पुलिस ने उनके घर से पकड़कर थाने लेेकर चली गई।
किसानों का नेतृत्व कर रहे शनि मिश्रा और रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान हाइवे जाम करने के लिए दोपहर में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पहुंचे। तभी पहुंची पुलिस ने सभी को रोक लिया। इस दौरान पुलिस व किसान नेताओं में हल्की नोकझोंक भी हुई। कुछ देर में पहुंचे एसडीएम सदर डॉ. केएस पांडेय ने किसानों को समझाया। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन भी दिया। कहा कि धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण का आवेदन कुल 33,644 किसानों ने किया था। खतौनी में नाम मिस मैच होने के कारण और खाता संख्या सत्यापन न हो पाने के कारण एवं सौ क्विंटल धान बेचने का आवेदन करने वाले 2246 किसानों का पंजीकरण लंबित है। पंजीकृत 33,644 किसानों के सापेक्ष भी अभी तक मात्र 27,573 किसानों का धान खरीद किया जा सका है। कई किसान अभी क्रय केंद्रों पर धान लेकर खड़े हैं। जिन्होंने किराए का ट्रैक्टर-ट्राली लिया है उनका किराया भी हजारों रुपये हो गया है। किसानों ने धान खरीद शीघ्र कराने की मांग की। कांग्रेस की निगम मिश्रा तथा शिवसेना के जिला सचिव संतोष पांडेय ने भी समर्थन करते हुए पहुंचकर चक्का जाम में हिस्सा लिया। इस मौके पर अभय पटेल, मनोज कुमार चौबे, वीरेंद्र प्रताप सिंह, अवधेश सिंह, अटल बिहारी ओझा, रविंद्र नाथ सिंह, श्याम नारायण यादव आदि मौजूद थे।