सोनभद्र। प्यार के इजहार के खास दिन वेलेंटाइन डे पर सोमवार को युवाओं में उत्साह रहा। नवविवाहित जोड़ों ने इस दिन को खास तरीके से मनाया। एक-दूसरे को फूल और उपहार देकर अपने प्रेम का इजहार किया। प्रेमी युगल ने भी लोगों की नजर से छिपकर अपने प्रेम का इजहार किया। उधर, वेलेंटाइन डे पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी सतर्क रही। पिकनिक स्थलों पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। कई लोगाें से पूछताछ की।
वेलेंटाइन डे पर पूरे दिन पंचमुखी महादेव मंदिर, ईको प्वाइंट, सोन पंप सहित अन्य जगहों पर युवक और युवतियों की चहलपहल बनी रही। इस खास दिन को मनाने वालों में ज्यादातर नवविवाहित जोड़े शामिल रहे। साथ बैठकर उन्होंने एक-दूसरे के प्रति अपने प्रेम का इजहार किया। इस दौरान पुलिस की टीम सतर्क रही। पूर्व में हुई घटनाओं के मद्देनजर पुलिस व एंटी रोमियो की टीम भ्रमण करती रही। संदिग्ध दिखने वालों का नाम-पता भी प्रशासन ने नोट किया। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर जिले में सोमवार को पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती गई। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एसएन मिश्रा ने बताया कि चुर्क चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, हिंदुआरी चौकी प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार राय के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं वेलेंटाइन डे के मौके पर देर शाम महिला थाना प्रभारी निरीक्षक संतु सरोज ने भी चेकिंग अभियान चलाया।