ताप विद्युत मजदूर संघ ने मांगों की उत्तर प्रदेश ताप विद्युत मजदूर संघ से जुड़े कर्मचारियों ने सोमवार की रात नगर में मशाल जुलूस निकालकर अंबेडकर चौराहे पर सभा की। 10 सूत्री मांगों को पूर्ण करने की अनदेखी का आरोप परियोजना प्रशासन पर लगाया।
संघ के शाखा अध्यक्ष राधा मोहन प्रजापति की अगुवाई में झरियानाला गेट से मशाल जुलूस निकला। जुलूस क्लब नंबर दो, ओबरा इंटर कालेज, वीआईपी चौराहा, मेन बाजार होते हुए अंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। शाखाध्यक्ष प्रजापति ने कहा कि संगठन लंबे समय से दस सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। लेकिन परियोजना प्रशासन मांगों की अनदेखी कर रहा है।
उन्होंने परियोजना में नियोजित सभी संविदा श्रमिकों को नियोजन कार्ड अनिवार्य रूप से दिए जाने, परियोजना के नियमित कार्यों को संविदा के श्रमिकों से कराना बंद करते हुए स्थायी कार्यो में लंबे समय से नियोजित संविदा श्रमिकों के स्थीयकरण करने की मांग की। संविदा श्रमिकों की आवासीय समस्या हल करने के लिए स्पष्ट पारदर्शी नीति बनाने, परियोजना चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों व स्थायी पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति किये जाने, छठवें वेतन आयोग के सभी शेष एरियरों का भुगतान जल्द किये जाने को गंभीरता से उठाया।
संगठन से जुड़े लोगों ने जमकर नारेबाजी की। चेताया कि यदि उनकी दस सूत्री मांग पूरी नहीं होती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर अवधेश सेठ, मदन गोपाल सिंह, गोवर्धन सिंह, गौतम प्रसाद, दिनेश यादव, सौरभ सिंह, सोबरन लाल, एसबी शुक्ला, जय सिंह, विजय विश्वकर्मा मौजूद रहे।