ओबरा। बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत अंतर्गत खैरटिया गांव के ओम चौराहे के समीप ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दुबे के नेतृत्व में नालियों के पानी के निकास न होने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जलभराव के कारण बीमारी फैलने का अंदेशा जताते हुए नारेबाजी की।
खैरटिया में आधी अधूरी नालियों का ही निर्माण किया गया है। पानी का निकास न होने से कुछ घरों के लोगों ने नालियां बंद कर दी। इससे बरसात और घरों का गंदा पानी सड़क पर आ गया है। छात्र नेता अजीत सोनी ने बताया कि करीब 15 वर्षों से खैरटिया की सारी नालियां क्षतिग्रस्त हैं। वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं हुई। बीडीसी सदस्य प्रतिनिधि मंगरु गुप्ता ने बताया कि खुली नालियां होने से बीमारियां बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने मांग की है कि शीघ्र नालियों के पानी का निकास नहीं किया गया तो पूरे गांव में महामारी फैलने की आशंका रहेगी। प्रदर्शन में ग्राम पंचायत सदस्य बलिराम केसरी, अनिल केसरी, संजय केसरी, विकास भारती, रविंदर यादव, फूलचंद जायसवाल, मनोज जायसवाल, धर्मजीत जायसवाल, संजय आदि शामिल रहे।