ओबरा। देश की ऊर्जा राजधानी में ही बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। बृहस्पतिवार की रात रॉबर्ट्सगंज नगर के कई मोहल्लों में घंटों आपूर्ति ठप रही तो ओबरा में कटौती से परेशान होकर लोग आधी रात में बीच सड़क धरने पर बैठ गए। ओबरा-चोपन मार्ग को जाम कर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे सीओ हर्ष पांडेय ने उन्हें समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराया।
हनुमान मंदिर चौराहे पर जाम का नेतृत्व कर रहे व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील गोयल ने कहा कि नगर क्षेत्र में गत एक महीने से बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। उमस भरी भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली मिल भी रही तो वोल्टेज काफी लो रहता है। चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ हर्ष पांडेय ने लोगों को समझा-बुझा कर जाम समाप्त कराया।
लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशा
रामगढ़/खलियारी। पन्नूगंज उपकेंद्र से जुड़े गांवों के लोग लो वोल्टेज से बेहाल हैं। इससे किसानों की रोपाई प्रभावित हो रही है। यह समस्या लगभग एक सप्ताह से बढ़ गई है। कुछ ऐसी ही स्थिति नगवां ब्लॉक क्षेत्र की भी है। दुबेपुर विद्युत उपकेंद्र में चार फीडर हैं। माची फीडर से खलियारी, बलियारी, तेनुआ, करही, सुअरसोत, सियरिया, धोबी, दरेव, देवहर, नौडीहा, पनौरा आदि गांव जुड़े हैं। इन गांवों में बिजली की कटौती लगातार बनी हुई है। इस बाबत दुबेपुर उपकेंद्र के जेई राजेश कुमार का कहना था कि ऊपर से ही समस्या है। बेहतर आपूर्ति के लिए प्रयास किया जा रहा है।
बिजली आपूर्ति बदहाल, कर्मियों ने किया हंगामा
शक्तिनगर। आवासीय परिसर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी होने से कोयला कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। एक्सचेंज ऑफिस पहुंच जिम्मेदार अधिकारियों का घेराव कर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना था कि ड्यूटी से लौटने के बाद बिजली कटौती से उनकी नींद नहीं पूरी हो रही है।
एनसीएल बीना कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर में पखवाड़ा भर से फाॅल्ट के चलते बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है। इसी को लेकर कर्मचारियों ने शुक्रवार एक्सचेंज आफिस में पहुंच जमकर हंगामा मचाया। एक्सचेंज आफिस में ही बिजली आपूर्ति से जुड़े अधिकारी बैठते हैं। इस दौरान कोल कर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि काॅलोनी में बिजली तार व उपकरण अति जर्जर हाल में हैं। ट्रांसफाॅर्मर एवं बिजली तार की वजह से कई घंटे कटौती हो रही है। बृहस्पतिवार रात भर काॅलोनी में बिजली नहीं रहने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया। मौके पर पहुंचे संबंधित विभाग के अधिकारियोंं के आश्वासन बाद मामला शांत हुआ।