सलखन न्यू पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों की जांच करते चिकित्सक। -स्त्रोत संवाद
सोनभद्र/सलखन/खलियारी। बार-बार मौसम बदलने से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। रविवार को जिले के तीन स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 268 मरीजों इलाज कराने पहुंचे। इनमें सबसे वायरल बुखार, सर्दी और खांसी के मरीज रहे। खलियारी पीएचसी में लैब टेक्नीशियन के गैरहाजिर रहने के कारण मरीजों की जांच नहीं हो सकी। रॉबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. जेपी सिंह ने मरीजों की जांच और उपचार किया। दोपहर तक यहां 22 मरीज पहुंचे थे। डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि मौसम के बदलाव कारण बुखार, खांसी और संक्रमण के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। इस दौरान कृष्णकांत चौबे, चरनजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
सलखन स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 146 मरीजों ने इलाज कराया। यहां भी खांसी, बुखार, सर्दी के मरीज अधिक थे। जिला अस्पताल से आए डाॅ. सतीश कुमार सिंह ने उपचार किया। इस दौरान फार्मासिस्ट राकेश सिंह राणा, एएनएम सितारा देवी, सुनीता विश्वकर्मा, एलटी मनीष राय, विकास मौर्या और मुर्शीद अहमद आदि थे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलियारी में सौ मरीजों का उपचार हुआ। चार महिलाओं का प्रसव कराया गया। लैब टेक्नीशियन के गैरहाजिर रहने के कारण मरीजों को जांच नहीं हो पाई। इस दौरान फार्मासिस्ट अनूप कुमार, एएनएम सरस्वती देवी आदि मौजूद थीं।