प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र में रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी कृपांशकर (35) की मौत हो गई। सोमवार को परिजन शव लेकर पहुंचे तो गांव में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों सहित अन्य परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल था।
रविवार की शाम लगभग पांच बजे पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी कृपा शंकर बाइक से प्रयागराज जाने के लिए रवाना हुए। देर रात प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में रोडवेज बस ने कृपा शंकर की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। मांडा थाने की पुलिस ने पन्नूगंज थाने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मृतक के परिवार को घटना के बारे में बताया। रात में ही परिवार के लोग निजी वाहन से प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सुपुर्द कर दिया। मृतक को एक लड़का रूद्र यादव (11) और एक लड़की लक्ष्मी यादव (16) है। मृतक की पत्नीं प्राथमिक विद्यालय जयमोहरा में शिक्षामित्र के पद कार्यरत है।