सोनभद्र। पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण सूची की अनंतिम प्रकाशन करने के बाद जिला प्रशासन अब चुनाव कराने की तैयारी में जुट गया है। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को 29 जोन और 147 सेक्टरों में बांटते हुए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है।
राज्य निर्वाचन की ओर से अभी पंचायत चुनाव के तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है लेकिन आरक्षण सूची का अनंतिम प्रकाशन के बाद संभावित उम्मीदवारों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के संभावित कई उम्मीदवारों की होर्डिंग व पोस्टर चस्पा करना शुरू कर दिया है। देर रात तक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। वहीं प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए कमर कस लिया है। डीएम ने आयोग के मंशानुसार निष्पक्ष ढंग से चुनाव कराने के लिए जिले में 29 जोनल मजिस्ट्रेट और 147 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात करते हुए जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार घोरावल ब्लॉक में दो जोनल मजिस्ट्रेट व 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं करमा ब्लॉक में 3 जोनल मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, राबट्र्सगंज में 5 जोनल मजिस्टे्रट, 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, नगवां मेें 2 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, चतरा में 2 जोनल मजिस्ट्रेट, 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट, चोपन में 4 जोनल मजिस्ट्रेट, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, कोन में 2 जोनल मजिस्ट्रेट, 9 सेक्टर मजिस्ट्रेट, दुद्वी में 2 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, बभनी मं 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट और म्योरपुर ब्लॉक में 2 जोनल मजिस्ट्रेट व 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 29 जोनल मजिस्ट्रेट, 147 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए है। अशांति का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए मातहतों को निर्देशित कर दिया गया है। - अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी, सोनभद्र।