सोनभद्र। जिले की 35 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया में पेंच फंस गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने संबंधित सेक्रेटरियों और ग्राम प्रधानों को चयनित लाभार्थियों से अनुबंध प्रमाण पत्र लेकर दफ्तर को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
प्रदेश सरकार की ओर से ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंचायत सहायक के पद पर नियुक्ति के आदेश दिए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की जानी है। पिछले माह जिले के 629 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान करीब 35 ग्राम पंचायतों के चयन में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए आपत्तियां प्राप्त हुई। इस नाते पंचायती राज विभाग की ओर से सिर्फ 594 ग्राम पंचायतों के चयनित अभ्यर्थियों की सूची सार्वजनिक की गई। वहीं डीएम के आदेश पर जिन ग्राम पंचायतों में चयन प्रक्रिया पर आपत्ति की गई है, उसकी जांच की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों से अनुबंध पत्र व शपथ पत्र ब्लाक कार्यालय पर जमा कराने के लिए ग्राम प्रधानों व ग्राम सचिवों से कहा गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि सेक्रेटरियों और ग्राम प्रधानों को चयनित अभ्यर्थियों से सौ रुपये के स्टांप पर अनुबंध पत्र व दस रुपये के स्टांप पर शपथ पत्र प्राथमिकता के आधार पर जमा कराने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 593 अभ्यर्थियों का शपथ पत्र प्राप्त हो चुका है। शेष ग्राम पंचायतों में भी जल्द ही पंचायत सहायक तैनात कर दिए जाएंगे।