सोनभद्र/दुद्धी। जिले की चारों तहसीलों में महीने के तीसरे शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 179 मामले आए। इसमें 17 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं 162 लंबित मामलों के निपटारे के लिए टीमें गठित की गई। टीमों को एक सप्ताह के अंदर मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
घोरावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अभिषेक सिंह, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, एसडीएम सुशील कुमार यादव की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनीं गई। यहां 86 फरियादी आए और मौके पर चार मामले निस्तारित किए गए। उन्होंने एक टीम बनाकर क्षेत्रों में निस्तारण के लिए भेजी। टीमों ने एक प्रकरण निस्तारित किए। शेष 81 प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश संबंधितों को निर्देश दिए। एडीएम राकेश सिंह की अध्यक्षता में राबर्ट्सगंज तहसील में कुल 47 मामले आए। मौके पर तीन मामलों का निस्तारण हुआ। एडीएम ने एक टीम बनाकर क्षेत्र में जाकर जमीनी पड़ताल के मुताबिक निस्तारण के लिए टीमों को भेजा। तहसीदार सदर बीके वर्मा के नेतृत्व में टीम ने एक मामले का निस्तारण किया। यहां कुल चार मामले निस्तारित किए गए। शेष 43 मामलों को औपचारिकताओं को पूरा करते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसडीएम विनोद कुमार आदि रहे।
एसडीएम रमेश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस दुद्धी में 39 मामलों को सुनते हुए मौके पर दो मामलों का समाधान किया गया। इसके बाद एसडीएम ने चार टीम बनाकर क्षेत्र में जाकर जमीनी हकीकत के मुताबिक निस्तारण के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के टीमों को भेजा। भेजी गयी टीमों ने चार मामलों का निस्तारण मौके पर जाकर किया गया। इस प्रकार ओबरा तहसील प्रशासन की तरफ से छह मामले निस्तारित हुए। शेष 33 मामलों को औपचारिकताओं को पूरा करते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।