सोनभद्र में तेज बारिश के दौरान रविवार को जिले में कई जगह बिजली गिरने से वृद्ध की मौत हो गई और प्रधान समेत पांच लोग झुलस गए। सभी को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गोहड़ा ग्राम निवासी हरी प्रसाद (65) रविवार को लांबी ग्राम की ओर गए थे।
इस दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। घोरावल के तेंदुआ निवासी श्रवण कुमार (35) भैंस चराते वक्त बिजली की चपेट में आ गए। तेंदुआ गांव निवासी संगीता (35) बिजली गिरने से झुलस गईं। परसौना निवासी पूनम (25) भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गई।
मुक्खा ग्राम पंचायत के प्रधान राम चंद्रिका यादव (35), उनका पुत्र संजय यादव (12) बिजली की चपेट में आकर झुलस गए। उनका घर भी क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी मिलने पर एसडीएम जैनेंद्र सिंह के निर्देश पर लेखपाल मानसिंह ने अस्पताल में जाकर घटना की जानकारी ली।