सरकार की ओर से उद्यान विभाग की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ देने के लिए नया पोर्टल लांच किया गया है। अब जो किसान उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें नए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। योजनाओं की जानकारी लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पंजीकरण किसी भी जन सुविधा केंद्र से करा सकते हैं।
अब तक उद्यान विभाग और कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल upagriculture.com पर पंजीकरण कराना अनिवार्य था। लेकिन अब उद्यान विभाग का नया पोर्टल uphorticulture.com लांच हो गया है। अब तक उद्यान विभाग से संबंधित योजनाएं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, बुंदेलखंड एवं विंध्य क्षेत्र स्पेशल कंपोनेंट प्लान, राष्ट्रीय आयुष मिशन, बुंदेलखंड आदि का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य था। उद्यान विभाग का पोर्टल लांच होने से किसान अब उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ कृषि विभाग में पंजीकृत होने पर नहीं उठा सकेंगे। बल्कि उन्हें नए सिरे से पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। योजनाओं का लाभ पहले आएं पहले पाएं के आधार पर दिया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी के निर्देश पर विभागीयकर्मी पोर्टल के बारे में किसानों को जागरूक करने में जुट गए हैं।
किसान खुद करा सकते हैं पंजीकरण
सोनभद्र। उद्यान विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए किसानों को किसी भी जन सुविधा केंद्र पर जाकर अपनी पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पास बुक, खतौनी और मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। पोर्टल पर किसान स्वयं पंजीकरण करा सकते हैं। बता दें कि जिले में पहले से पंजीकृत किसान प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति का लाभ उठा रहे हैं।
अब उद्यान विभाग का नया पोर्टल uphorticulture.com लांच हो गया है। इस पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को ही विभागीय योजनाओं का लाभ मिलेगा। पोर्टल के बारे में किसानों को जागरूक भी किया जा रहा है।
- सुनील कुमार शर्मा, प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी