समय सीमा खत्म होने के बाद भी पंजीकरण का नवीनीकरण न कराने वाले निजी अस्पतालों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। अमर उजाला में खबर छपने के बाद मंगलवार को डीएम के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर विनीत कुमार ने चुर्क मोड़ स्थित अस्पताल की जांच की। यहां कई खामियां पाई गई। जांच रिपाेर्ट के आधार पर अस्पताल संचालक को नोटिस जारी की गई है।
डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय ने अस्पताल पहुंचे तो वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। सिर्फ एक एएनएम ही मौजूद थी। अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के मानकों के तहत सुविधाएं उपलब्ध नहीं थी। पंजीकरण की वैधता 30 अप्रैल को खत्म हो गई थी। बावजूद संचालन हो रहा था। विभिन्न बिंदुओं पर जांच के बाद रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई। डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि रामा हास्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर के संचालक को नोटिस दी गई है। जांच रिपाेर्ट के आधार पर सीएमओ को कार्रवाई के लिए कहा गया है।