म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में रविवार की रात म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर सुपाचुआ गांव स्थित भुक्कू पहाड़ी के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से सुनील कुमार (28) की मौत हो गई। वह बरात में जाने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बलियरी गांव निवासी सुखी गोंड के बेटे की बरात नौडीहा गांव में गई थी। इसी बरात में शामिल होने के लिए गांव निवासी मिठाई लाल का पुत्र सुनील कुमार (28) अपने साले की बाइक से जा रहा था। रास्ते में भुक्कू पहाड़ी के पास तीव्र मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई।
हादसे में सुनील को गंभीर चोट आई। वह रात भर गड्ढे में पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की नजर पड़ी तो सूचना पुलिस को दी गई है। लिलासी चौकी प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच युवक को बाहर निकलवाया। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एसओ रविकांत मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।