लोढ़ी स्थित 100शैय्या मातृ शिशु विंग अस्पताल का निरीक्षण करते विधायक रामदुलार गोंड।
- फोटो : SONBHADRA
विधायक जी, अस्पताल में न समय से भोजन मिल रहा है और न ही बेहतर दवा-उपचार। डॉक्टर बाहर की दवा लिख रहे हैं, जो इतनी महंगी है कि खरीदना हमारे सामर्थ्य में नहीं। कुछ ऐसी ही शिकायतें थीं बुधवार को जिला अस्पताल परिसर के मातृ-शिशु इकाई में भर्ती मरीजों के परिजनों की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दुद्धी विधायक ने तत्काल सीएमएस को फोन लगाया। फोन रिसीव न होने पर सीएमओ से संपर्क साधा। कड़ी नाराजगी जताते हुए समस्या के शीघ्र निदान के लिए कहा।
विधानसभा सत्र में शामिल होकर लखनऊ से लौटते समय दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड अपराह्न तीन बजे अचानक जिला संयुक्त अस्पताल पहुंच गए। सौ बेड वाले मातृ-शिशु इकाई में भर्ती मरीजों से मिलकर उनका हाल जाना। अस्पताल में भर्ती आश्रम मोड़ निवासी संतोषी पत्नी आशीष, मड़पा अधौरा निवासी मीना देवी पत्नी राजगिरी, कुंडाडीह निवासी देवंती पत्नी सुख्खन प्रसाद, केवटा निवासी मधुबाला पत्नी अंशु ने विधायक से अस्पताल में बाहर की दवा लिखने और समय से भोजन न मिलने सहित अन्य समस्याएं बताई। इस पर विधायक ने सीएमओ से वार्ता कर समाधान के लिए कहा। विधायक ने मरीजों को आश्वस्त किया कि सरकार लोगों के बेहतर दवा-उपचार के लिए संकल्पित है। इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर जो भी दिक्कतें आ रही हैं, उसे शीघ्र दूर कराया जाएगा।
सदर विधायक ने देखा हवालात का हाल
सदर विधायक भूपेश चौबे ने तहसील परिसर स्थित राजस्व बंदी गृह का निरीक्षण किया। वहां की दुर्व्यवस्था देखकर नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि बंदी गृह में रखे जाने वालों को साफ-सुथरा खाना, स्वच्छ पानी की व्यवस्था की जाए। नगर अध्यक्ष बलराम सोनी, जिला मंत्री संतोष शुक्ला, संजीव श्रीवास्तव, विमलेश पटेल, उत्कर्ष, सत्य प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।