राबर्ट्सगंज में मारपीट में मृतक शुभम चौबे (फाइल फोटो)
- फोटो : SONBHADRA
पुलिस चौकी रॉबर्ट्सगंज के न्यू कॉलोनी में रविवार की शाम किसी बात से नाराज होकर कुछ युवकों ने लाठी-डंडे से बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। मारपीट में घायल एक युवक ने ट्रामा सेंटर वाराणसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल आशीष कुमार की तहरीर पुलिस ने नामजद तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि वादी आशीष कुमार निवासी चपईल थाना पन्नूगंज हाल पता न्यू कॉलोनी थाना राबर्ट्सगंज ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि पांच जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे शुभम चौबे पुत्र विवेकानंद चौबे निवासी बढ़ौली थाना राबर्ट्सगंज मुझे मेरे न्यू कालोनी स्थित कमरे पर छोड़ने जा रहा था। न्यू कालोनी में ब्रेजा कार से उतर कर तीन लोगों उन लोगों को रोक कर गाली देना शुरू कर दिया। शुभम ने गाली-गलौज करने से मना किया तो शुभम और आशीष को लाठी डंडे से पीटने लगे। इसके बाद कार में बैठा युवक हमलावरों को लेकर फरार हो गया। शुभम चौबे को नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने घायल की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। उधर, सोमवार को उपचार के दौरान शुभम की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय और कस्बा चौकी प्रभारी हमलावरों की तलाश में न्यू कॉलोनी, विकास नगर समेत अन्य जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आशीष की तहरीर पर ओम प्रकाश सिंह, अंकित सिंह और अभिषेक के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।