नदी में डूबने की सांकेतिक चित्र
- फोटो : फाइल
सोनभद्र जिले के ग्राम पंचायत करईल गांव में नदी में डूबने से किशोर की मौत हो गई। बारिश के दौरान बिजली की चमक-गरज सुनकर वह भागते समय नदी में डूब गया था। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करईल गांव के टोला कुजलादह गांव निवासी बैजनाथ अगरिया का पुत्र पकेंद्र उर्फ कामेश्वर (14) शुक्रवार शाम बकरी चराने कुछ साथियों के साथ खेत की ओर गया था। अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली की चमक-गरज सुनकर वह घर की ओर भागने लगा। गांव के पास स्थित बंधी के पास पैर फिसलने से वह पहाड़ी नदी में डूब गया।
इसके बाद से उसका पता नहीं चला। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह उसका शव बंधी के पास बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि डूबने से किशोर की मौत हुई है। बिजली की चमक-गरज की आवाज से वह डरकर भागते समय बंधी के पास नदी में डूब गया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।